उत्तर प्रदेश में एक और मस्जिद को विवाद के केंद्र में लाते हुए हिन्दू पक्ष ने मंदिर होने का दावा किया और अदालत ने भी फ़ौरन सर्वे का आदेश दे दिया। उत्तर प्रदेश के संभल जिले में 550 साल पुरानी शाही जामा मस्जिद को लेकर जिला कोर्ट ने आदेश जारी किया है। जिसमें शाही जामा मस्जिद का सर्वे कराने की बात कही गई है। आदेश के बाद ASI की टीम मस्जिद का सर्वे करने संभल पहुंची गई है। दरअसल, हिंदू पक्ष ने दावा किया है कि संभल की शाही जामा मस्जिद की जगह पर मंदिर है। इसी को लेकर कोर्ट में याचिका दायर की गई थी।
जमीयत उलमा-ए-हिंद के अध्यक्ष मौलाना महमूद असद मदनी ने संभल की जामा मस्जिद को लेकर उठ रहे विवाद और कोर्ट द्वारा सर्वे के आदेश पर गहरी चिंता जताते हुए कहा कि सांप्रदायिक तत्व इतिहास के झूठ और सच को मिलाकर देश की शांति और व्यवस्था के दुश्मन बने हुए हैं।
मदनी ने याद दिलाया कि देश बाबरी मस्जिद की शहादत को झेल चुका है और अभी भी उसके प्रभावों से जूझ रहा है। इसी पृष्ठभूमि में, पूजा स्थल (विशेष प्रावधान) अधिनियम, 1991 लागू किया गया था ताकि देश मस्जिद-मंदिर विवादों का केंद्र न बने.